*संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनी समस्या, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का दिया निर्देश।*
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
*संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनी समस्या, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का दिया निर्देश।*
*समाधान दिवस से फोन कर शिकायतकर्ताओं से पूर्व में आए प्रकरणों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति का जाना हाल।*
*डीएम की पहल पर महिला का जारी हुआ राशन कार्ड*
महराजगंज, 21 फरवरी 2026, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा तहसील फरेंदा में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनशिकायतों की सुनवाई की गयी।
संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी के समक्ष कुल 40 मामले आये, जिनमें उनके द्वारा मौके पर ही 10 प्रकरणों को निस्तारित किया गया। अवशेष जनशिकायतों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित कार्यवाही करते हुए समयांतर्गत और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में महिला को जिलाधिकारी की पहल पर राशनकार्ड जारी हुआ। शिवपुर ग्राम निवासी रेशमा पत्नी रामबरन ने बताया कि पूर्व में उसका राशन कार्ड बना हुआ था, लेकिन आपूर्ति विभाग की लापरवाही से उसका राशन कार्ड निरस्त हो गया। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल कार्यवाही का निर्देश दिया। जिला पूर्ति अधिकारी ए.पी. सिंह ने बताया कि मुखिया की मृत्यु के कारण राशन कार्ड निरस्त हो गया था। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आवश्यक कार्यवाही करते हुए महिला के नाम पर राशन कार्ड पुनः जारी कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने 07 फरवरी 2026 को सम्पूर्ण समाधान दिवस में आए प्रकरणों में भी दो शिकायतकर्ताओं से टेलीफोन पर वार्ता कर निस्तारण की स्थिति का हाल जाना। उन्होंने सबसे पहले ग्राम बहादुरी निवासी संजय कुमार जयसवाल को फोन कर उनके शिकायत पर हुई कार्यवाही के बारे में पूछा। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके द्वारा भूमि पैमाईश की मांग की गई थी, जो कि लेखपाल द्वारा कर दिया गया है। उसने कार्यवाही पर संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। इसी प्रकार जिलाधिकारी महोदय ने अक्षय कुमार पुत्र मल्लू, निवासी कानापार उर्फ रामनगर को फोन कर समस्या के निस्तारण की जानकारी ली। शिकायतकर्ता ने बताया कि खतौनी में नाम संशोधन का आवेदन था, जो कि तहसील द्वारा कर दिया गया है। शिकायतकर्ता ने निस्तारण पर संतोष व्यक्त किया
जिलाधिकारी महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायत निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि का भी ध्यान रखा जाए और शिकायत का निस्तारण एसओपी के अनुसार सुनिश्चित कराएं। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण के संदर्भ में कहा कि तहसील दिवस के प्रकरण और आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में अधिकारी समय और गुणवत्ता का ध्यान रखें। शिकायतों का निस्तारण अपने पर्यवेक्षण में सुनिश्चित कराएं। शिकायतों के निस्तारण की निगरानी स्वयं करें। अधिकारी अंतिम आख्या से पूर्व शिकायतकर्ता से बात अवश्य करें।
संपूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक श्री सोमेंद्र मीना, एसडीएम फरेंदा शैलेन्द्र गौतम, सीएमओ डॉ नवनाथ प्रसाद, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकार कन्हैया यादव, अधिशासी अधिकारी जल निगम आतिफ हुसैन, जिला सूचना अधिकारी श्री प्रभाकर मणि त्रिपाठी, बीएसए सुश्री ऋद्धि पांडेय, डीपीआरओ सुश्री श्रेया मिश्रा सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





